गोवर्धन दीपावली मातर पर्व पर यादव समाज के आयोजन में जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं, राउत नाचा में थिरके जनप्रतिनिधि

महासमुंद। वार्ड क्रमांक 12 पिटियाझर स्थित गौरी-गौरा चौक में झेरिया यादव समाज द्वारा आयोजित गोवर्धन दीपावली मातर पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिक्का, वार्ड क्रमांक 23 की पार्षद भारती राजू चंद्राकर, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री अरविंद प्रहरे एवं भाजपा नेता शरद मराठा शामिल हुए। सभी अतिथियों ने समाज के लोगों को पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अहंकार को समाप्त करने तथा ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत उठाया था। तभी से गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव की परंपरा चली आ रही है, जिसमें भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाता है। इस दिन गौमाता को खिचड़ी खिलाकर गोवंश की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संदेश है कि किसी भी प्राणी में अहंकार नहीं होना चाहिए। हमें उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और समरसता की भावना को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम में यादव समाज की पारंपरिक संस्कृति और लोककला की सुंदर झलक देखने को मिली। राउत नाचा की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी राउत नाचा में शामिल होकर पारंपरिक धुनों पर कदम थिरकाए और समाज के उत्साह में सहभागी बने।
