पुलिस की तत्परता से बची एक अनमोल जान-दरवाजा बंद कर आत्महत्या का प्रयास कर रहे युवक को सुरक्षित निकाला
आरंग। मंदिर हसौद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक व्यक्ति की जान बच गई। शुक्रवार (13 नवंबर) की शाम घर का दरवाजा अंदर से बंद कर आत्मघाती कदम उठाने जा रहे एक व्यक्ति को पुलिस टीम ने बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:46 बजे (18:46 बजे) सूचक अनुज मिश्रा ने मंदिर हसौद थाना प्रभारी को फोन पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि मंदिर हसौद के वार्ड क्रमांक 10 स्थित नोनी नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और वह आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा है।मामले की गंभीरता को भांपते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की। सहायक उप निरीक्षक (ASI) विवेक कुमार बंजारे के नेतृत्व में आरक्षक राजेश वर्मा (क्र. 1022), आरक्षक दया साहू (क्र. 2812) और आरक्षक मंजीत भट्ट (क्र. 1353) को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचकर अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मियों ने बंद दरवाजे को खुलवाकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर मिली मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।
रायपुर पुलिस की आम नागरिकों से अपील इस सफल रेस्क्यू के बाद रायपुर पुलिस ने आम जनता से विशेष अपील की है। पुलिस का कहना है कि यदि आपके आसपास किसी भी व्यक्ति में अत्यधिक मानसिक तनाव, अवसाद या आत्मघाती कदम उठाने जैसे संकेत दिखाई दें, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। नागरिकों की थोड़ी सी सजगता और समय पर दी गई एक सूचना किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकती है।
विनोद गुप्ता-आरंग





