आध्यात्मिक उल्लास के साथ मना दीपावली मिलन समारोह-बुराइयों को त्यागकर अंतरात्मा में ज्ञान व सद्गुणों के दीप जलाने का दिया संदेश
आरंग। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के समोदा सेवा केंद्र में दीपावली मिलन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा मन को एकाग्र करने वाले शांति एवं ईश्वरीय गीतों के साथ किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए आरंग सेवा केंद्र की संचालिका बी.के. लता बहन ने आध्यात्मिकता और मानवीय संस्कारों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम दीपावली पर्व के पूर्व अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं, उसी प्रकार अब हमें अपने भीतर छिपी बुराइयों की सफाई करनी होगी। मन से काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार को निकालकर अंतरात्मा में ज्ञान, पवित्रता और सद्गुणों को धारण करना ही सच्ची दीपावली है। इस दौरान उन्होंने भाई दूज के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार यमराज ने अपनी बहन यमुना के घर जाकर आत्मिक स्नेह और पवित्रता की मर्यादा बनाए रखने का संदेश दिया था, उसी तरह जब हम आत्मिक भाव और पवित्रता का पालन करेंगे, तभी भाई दूज का पर्व सार्थक होगा। कार्यक्रम में बी.के. पिंकी बहन ने जीवन के चार दीपकों— स्थूल दीपक, कुल दीपक, मर्यादाओं का दीपक और आध्यात्मिक रहस्यों के दीपक का गूढ़ महत्व समझाया। वहीं, ग्रामीण अध्यक्ष देवनारायण साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम हर साल पुतला रूपी रावण का दहन तो करते हैं, लेकिन वास्तविक रावण नहीं मरता। जब हम अपने अंदर के काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार का अंत करेंगे, तभी सच्चे अर्थों में दशहरा और दीपावली मना पाएंगे। इस गरिमामय दीपावली मिलन समारोह में समोदा सहित चपरीद, कुसमुंद, तुलसी और सकरी से बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक शामिल हुएकार्यक्रम के समापन पर सभी आगंतुकों को ईश्वरीय प्रसाद वितरित कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
विनोद गुप्ता-आरंग





