चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का कहर-फसलों को बचाने के लिए कृषि विभाग ने जारी की एडवाइजरी-नुकसान होने पर 72 घंटे में करें शिकायत
रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से बेमेतरा जिले में हुई असामयिक बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों में खड़ी और कटाई के बाद खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत आवश्यक सावधानी बरतें। यदि तूफान और बेमौसम बारिश से फसल को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचता है, तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसकी सूचना अनिवार्य रूप से दें, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि फसल क्षति की सूचना देने के लिए 72 घंटे की समय-सीमा अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिन किसानों की बीमित फसल को नुकसान पहुंचा है, वे नुकसान होने के 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल-फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा 10 दिनों के भीतर प्रभावित खेत का सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर दावों का निराकरण होगा। इसके साथ ही कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी गई धान की फसल (करपा) को भी कटाई के अधिकतम 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा का प्रावधान है, जबकि खड़ी फसल में जलभराव होने पर जल निकासी की व्यवस्था करने के साथ-साथ फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त उपज के आंकड़ों के आधार पर मुआवजे की गणना की जाएगी।विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों और खलिहानों में रखी उपज को ऊंचे स्थानों पर रखें और बारिश के पानी से बचाने के लिए पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें। टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराते समय किसान अपने पास नाम, मोबाइल नंबर, गांव, तहसील, जिला, खेत का खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर और नुकसान की तारीख व विवरण तैयार रखें तथा शिकायत के बाद मिलने वाले संदर्भ नंबर (Reference Number) को सुरक्षित रखें। इसके अलावा, अधिक नुकसान होने की स्थिति में तत्काल अपने क्षेत्र के पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को भी सूचित करें और सबूत के तौर पर प्रभावित फसल की स्पष्ट तस्वीरें व वीडियो बनाकर सुरक्षित रख लें, ताकि समय पर उचित सहायता सुनिश्चित हो सके।
विनोद गुप्ता-आरंग





