वनकर्मियों को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से मारपीट करने वाले 10 आरोपियों की जमानत निरस्त, सभी जेल भेजे गए

महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम तमोरा में वन विभाग की गश्ती टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में 10 आरोपियों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस की ओर से पेश जमानत विरोध आवेदन पर सुनवाई करते हुए जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने सभी आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद खल्लारी पुलिस ने 20 नवंबर को सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामला 6 अक्टूबर 2026 का है। पुलिस के अनुसार, वन परिक्षेत्र आमाकोनी के वन कक्ष क्रमांक 95 और 96, ग्राम तमोरा में वन विभाग की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने गश्ती दल पर हमला कर दिया। आरोप है कि वनकर्मियों को रात करीब 7:30 बजे से 11:30 बजे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है।
घटना के बाद वनकर्मी नवीन वर्मा की रिपोर्ट पर 7 अक्टूबर 2026 को थाना खल्लारी में अपराध क्रमांक 114/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 221, 132, 127(2), 191(2), 140(3) एवं 121(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 9 और 10 अक्टूबर को कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। इसके बाद सभी आरोपी शर्तों के अधीन अंतरिम प्रोविजनल जमानत पर थे। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष विवेचना प्रभावित होने और गवाहों को डराने-धमकाने की आशंका जताते हुए जिला एवं सत्र न्यायालय में जमानत निरस्तीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस की दलीलों पर न्यायालय ने सभी आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी।
इसके बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए खल्लारी पुलिस ने सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी ध्रुव, टेमिन बाई, कलाबाई, लक्ष्मी बाई, प्रदीप ध्रुव, सुखराम, गणेश, चंदन, संतकुमार और लक्ष्मी खैरवार शामिल हैं। सभी ग्राम तमोरा के निवासी हैं।
