आरंग में शारदीय नवरात्र की धूम-प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज में सजी पांच चैतन्य देवियों की अलौकिक झांकी, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आरंग। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर इन दिनों आरंग का पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक और भक्तिमय उल्लास से सराबोर है। इसी कड़ी में, प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय, गुड़ियारी पारा आरंग में बुधवार, 14 अक्टूबर से पांच चैतन्य देवियों की भव्य झांकी का शुभारंभ किया गया है।आयोजन के दूसरे दिन, दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष मनोज चंद्राकर, उपाध्यक्ष मोहन साहू, कोषाध्यक्ष संतोष चंद्राकर, सुजीत चंद्राकर और सिख समाज के अध्यक्ष सतनाम टूटेजा ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर चैतन्य देवियों की झांकी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर इसका उद्घाटन किया।प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां उमा देवी और मां काली के साक्षात चैतन्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन सजीव झांकियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।यह पांच दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन 18 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालु अलौकिक देवियों के दर्शन कर सकते हैं।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की लता बहन जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मां दुर्गा का आगमन हमारे जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि चैतन्य देवियों के इन पावन स्वरूपों से प्रेरणा लेकर हमें अपने आचरण में सहनशीलता, पवित्रता, निर्भीकता और करुणा जैसे दिव्य गुणों को अपनाना चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली की मंगलकामना भी की।संस्थान की ओर से क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर पांचों देवियों के दर्शन करने तथा आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ उठाने की अपील की गई है। नवरात्र के इस पावन पर्व पर इस अद्भुत झांकी के आयोजन से पूरे आरंग क्षेत्र में एक सकारात्मक, भक्तिमय और दिव्य वातावरण का निर्माण हो गया है।
विनोद गुप्ता-आरंग



