तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर रसोईया संघ ने विधायक को बांधी राखी

महासमुंद। मध्यान्ह भोजन रसोईया संघ की महिलाओं ने रक्षाबंधन के अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को राखी बांधकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। संघ ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मध्यान्ह भोजन रसोइयों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रसोईया संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीलू ओगरे सहित पदाधिकारियों ने विधायक से लंबित वेतन जल्द जारी कराने की मांग की। इस दौरान महासमुंद ब्लॉक की कोषाध्यक्ष ज्योति यादव और सचिव हसीना पटेल, रायपुर जिला अध्यक्ष हेमलता बंजारे तथा आरंग जिला अध्यक्ष फूल बाई कुर्रे मौजूद रहीं।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने रसोईया संघ की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही लंबित वेतन का भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में संबंधित मंत्री और मुख्यमंत्री से चर्चा कर रसोइयों की समस्या के समाधान के लिए पहल करेंगे।
रसोईया संघ ने विधायक के आश्वासन पर उम्मीद जताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मानदेय का जल्द भुगतान होने से प्रदेशभर के रसोइयों को बड़ी राहत मिलेगी।
