आरंग में शांति और सौहार्द के साथ मनेगा दुर्गा विसर्जन व दशहरा पर्व-शांति समिति की बैठक में 20 अक्टूबर को दशहरा मनाने पर सहमति
आरंग। दुर्गा विसर्जन और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 17 अक्टूबर को आरंग थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी नरेश साहू की उपस्थिति में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष दुर्गा विसर्जन और दशहरा पर्व 20 अक्टूबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस दौरान रावण दहन का मुख्य कार्यक्रम हाईस्कूल स्थित रावण मैदान में आयोजित होगा।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने पर जोर दिया। साथ ही दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस और शोभायात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अपने सुझाव भी दिए। सभी सदस्यों ने परंपरा के अनुरूप शांतिपूर्वक त्योहार मनाने तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का संकल्प लिया।बैठक में पार्षद नरेंद्र लोधी, समीर गोरी, शरद गुप्ता, उमाकांत यादव, संतोष लोधी, खिलावन निषाद और पार्षद प्रतिनिधि राकेश शर्मा सहित विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



