आरंग की देशी-विदेशी शराब दुकानों में ओवररेटिंग का आरोप-ग्राहकों से प्रति पाव 10 से 20 रुपये अधिक वसूली की शिकायत
गमछे से चेहरा ढंककर शराब बेचने का दावा, अधिक पैसे मांगने पर ग्राहकों और सेल्समेन के बीच विवाद; आबकारी विभाग की निगरानी और कार्रवाई पर उठे सवाल
आरंग। नगर की सरकारी देशी और विदेशी शराब दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। शनिवार को ग्राहकों ने आरोप लगाया कि दोनों दुकानों में कुछ सेल्समेन कथित तौर पर मुंह पर गमछा बांधकर शराब बेच रहे थे और प्रति पाव 10 से 20 रुपये तक अधिक वसूले जा रहे थे। अधिक पैसे देने से इनकार करने पर ग्राहकों और सेल्समेन के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित होने की बात कही जा रही है। ग्राहकों का आरोप है कि शराब दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायतें कोई नई बात नहीं हैं। निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगे जाने पर विरोध करने वाले ग्राहकों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार भी किया जाता है। सरकारी शराब दुकानों में निर्धारित मूल्य पर शराब की बिक्री सुनिश्चित करना आबकारी विभाग और संबंधित संचालन व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसकी जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। अब देखना होगा कि विभाग इन शिकायतों को गंभीरता से लेकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करता है या सरकारी शराब दुकानों में कथित ओवररेटिंग का यह सिलसिला जारी रहता है।
विनोद गुप्ता-आरंग



