कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार-पुलिस ने भेजा जेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं सतनामी समाज के धर्मगुरु गुरु खुशवंत साहेब के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अशोभनीय व अपमानजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।।मिली जानकारी के अनुसार, कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (थाना खम्हारडीह, रायपुर) निवासी जयप्रकाश निराला (पिता: नंदकुमार निराला, उम्र 30 वर्ष) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर ‘jaiprakashofficial’ नामक आईडी से मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के कांवड़ यात्रा से जुड़े एक पोस्ट पर बेहद अभद्र, अमर्यादित और समाज में वैमनस्यता फैलाने वाली टिप्पणी की थी।।इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश बघेल की लिखित शिकायत पर सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 196 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से न केवल मंत्री जी की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि इससे सतनामी समाज सहित पूरे सर्व समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी जयप्रकाश निराला को धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर सौहार्द बिगाड़ने और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



