आरंग में ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप का भव्य आगाज-पहले दिन अरुंधति देवी स्कूल और आत्मानंद मंदिरहसौद ने दर्ज की शानदार जीत
आरंग।आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित ‘आरंग ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप’ का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि आरंग नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और टॉस कराकर किया।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि खिलेश धुरंधर, संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष अमन साहू, अंतर्राष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ी पोषण ध्रुव, अनुज साहू तथा प्रशिक्षक द्वय अश्वनी रात्रे व राजेश्वरी रात्रे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पहला मुकाबला-पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल ने दर्ज की रोमांचक जीत
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग और मदर्स प्राइड स्कूल आरंग के बीच खेला गया। मदर्स प्राइड स्कूल की पारी-टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मदर्स प्राइड स्कूल ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए। टीम की ओर से चिन्मय चंद्राकर ने 20 रन और रियांश चंद्राकर ने 18 रनों का योगदान दिया। अरुंधति देवी स्कूल के गेंदबाज तन्मय, बिट्टू और उमेंद्र ने 2-2 विकेट झटके।अरुंधति देवी स्कूल की पारी-108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरुंधति देवी स्कूल की टीम ने उमेंद्र के नाबाद 40 रन और सौम्य के 17 रनों की बदौलत जीत हासिल कर ली। मदर्स प्राइड की ओर से रियांश चंद्राकर ने 4 और मोक्ष चंद्राकर ने 2 विकेट चटकाए।मैन ऑफ द मैच-गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले उमेंद्र (40 रन, 2 विकेट) को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
दूसरा मुकाबला-स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद 25 रनों से विजयी
दिन का दूसरा मुकाबला स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद और गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंग के मध्य खेला गया।आत्मानंद मंदिरहसौद की पारी-गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्वामी आत्मानंद स्कूल ने कोमल की 76 रनों की तूफानी पारी और नारायण के 24 रनों के दम पर 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 177 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। गांधी स्कूल की ओर से अरमान ने 3 और पृथ्वी साहू ने 2 विकेट लिए।गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल की पारी-बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल की टीम कड़े संघर्ष के बावजूद 152 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए अवि अरुण बारीक ने 57 रन और समर प्रताप यदु ने 21 रनों की जुझारू पारी खेली।आत्मानंद स्कूल के गेंदबाज चिरंजीव ने 3 और सौरभ ने 2 विकेट हासिल किए।मैन ऑफ द मैच-76 रनों की ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कोमल को ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया।
विनोद गुप्ता-आरंग



