मातर पर्व के दौरान चाकूबाजी-ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
आरंग।रायपुर जिले के आरंग विकासखंड स्थित मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टेकारी में मातर पर्व के अवसर पर चाकूबाजी की एक घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 11 नवंबर की शाम टेकारी में आयोजित मातर उत्सव के दौरान स्थानीय निवासी अंगेश्वर वर्मा ने पास के ग्राम कठिया से आए युवक निहाल वर्मा पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे ग्राम प्रमुखों की सहायता से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।।घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। देर रात गांव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय युवाओं ने आरोपी को देखा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अंगेश्वर वर्मा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(2), 119(2) और 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसकी तलाश की जा रही थी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
विनोद गुप्ता-आरंग





