एजेंसी बदलने से आरंग में फिर गहरा सकता है रसोई गैस संकट-नपा अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने इंडियन ऑयल को लिखा पत्र
आरंग। आरंग क्षेत्र में रसोई गैस वितरण फिर पुराने गिरजा गैस एजेंसी को दिए जाने की खबर से व्यवस्था को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक और जन स्तर पर हलचल तेज हो गई है। नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर) के मुख्य प्रबंधक, मुख्य खाद्य अधिकारी जिला रायपुर तथा SDM आरंग को पत्र लिखकर क्षेत्र में सुचारू गैस आपूर्ति बनाए रखने की मांग की है।डॉ. संदीप जैन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पूर्व में आरंग क्षेत्र में गैस वितरण की अव्यवस्था और समय पर सिलेंडर न मिलने के कारण भारी जन आक्रोश उत्पन्न हुआ था, जिसके चलते लोगों को कई बार आंदोलन और चक्काजाम तक करना पड़ा था। उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों और उनके हस्तक्षेप के बाद अनियमितता के आरोप में ‘गिरजा इण्डेन’ को निलंबित (सस्पेंड) कर ‘सत्कार इण्डेन’ को आरंग क्षेत्र में गैस आपूर्ति की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वर्तमान में सत्कार इण्डेन के कार्य से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता पूरी तरह संतुष्ट हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है।
नपा अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि हाल ही में ऐसी जानकारी मिल रही है कि निलंबित एजेंसी ‘गिरजा इण्डेन’ को पुनः प्रारंभ करने की कार्यवाही की जा रही है। इस खबर के बाद कई उपभोक्ताओं ने उनसे मुलाकात कर अपनी चिंता जाहिर की है। उपभोक्ताओं को आशंका है कि वर्तमान में ठंड और शादी का सीजन होने के कारण गैस की खपत काफी बढ़ गई है। ऐसे समय में यदि पुरानी एजेंसी को फिर से पूरी जिम्मेदारी दी गई, तो पुरानी अनियमितताएं और अव्यवस्था फिर से शुरू हो सकती है, जिससे क्षेत्र में दोबारा जन आक्रोश भड़कने का खतरा है।जनहित को ध्यान में रखते हुए डॉ. संदीप जैन ने इंडियन ऑयल के मुख्य प्रबंधक से अनुरोध किया है कि यदि नियमों के तहत ‘गिरजा इण्डेन’ को पुनः प्रारंभ किया भी जाता है, तो उन्हें एकमुश्त सभी उपभोक्ता ट्रांसफर न किए जाएं, बल्कि उनकी वितरण प्रणाली और क्षमता का आकलन करते हुए धीरे-धीरे कस्टमर ट्रांसफर किए जाएं। इसके साथ ही क्षेत्र में घरेलू गैस की उपलब्धता और वितरण प्रणाली सामान्य बनाए रखने के लिए वर्तमान में कार्यरत ‘सत्कार इण्डेन’ के संचालन को भी निरंतर अनुमति दी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
विनोद गुप्ता-आरंग





