आरंग की जर्जर सड़कों पर भड़की जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी-नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन-दी आंदोलन की चेतावनी
आरंग। नगर की प्रमुख सड़कों की बदहाल और जर्जर स्थिति को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के नाम इंजीनियर हरीश मांझी को ज्ञापन सौंपकर शहर की खस्ताहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत और डामरीकरण कराने की मांग की है। पार्टी ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया, तो जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने प्रशासन का ध्यान नगर के व्यस्ततम और प्रमुख मार्गों की ओर आकृष्ट कराया है। इसमें विशेष रूप से इंदिरा गांधी चौक, कॉलेज चौक तथा रायपुर की ओर से नगर में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्ग की दयनीय स्थिति का हवाला दिया गया है। इन सड़कों पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे न केवल राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि केवल गड्ढों की भराई कर अस्थायी मरम्मत (पैचवर्क) करने से इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं होगा। जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए खराब हो चुकी सड़कों का नए सिरे से डामरीकरण कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। पार्टी ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि वे तत्काल इन सड़कों का भौतिक निरीक्षण करें और शीघ्र सुधार कार्य प्रारंभ कराएं।पार्टी ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि नगर की मूलभूत सुविधाओं और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रशासन की किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा के भीतर ठोस पहल नहीं होने पर पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।
विनोद गुप्ता-आरंग





