डिजिटल दौर में ‘सशरीर उपस्थिति’ के फरमान पर किसानों में नाराजगी-सीएम से की ओटीपी से धान खरीदी की मांग
आरंग। चालू धान उपार्जन सत्र में सोसायटियों के माध्यम से होने वाली धान खरीदी के नए नियमों को लेकर किसानों में आक्रोश पनपने लगा है। शासन द्वारा इस वर्ष धान बेचने के लिए किसान अथवा उसके नॉमिनी की उपार्जन केंद्र में सशरीर उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है, जबकि पिछले वर्षों तक ओटीपी (OTP) के माध्यम से भी खरीदी की सुविधा उपलब्ध थी। शासन के इस नए आदेश को अव्यवहारिक बताते हुए किसान संघर्ष समिति ने इसे तत्काल वापस लेने और पूर्ववत् ओटीपी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।इस संबंध में किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्य सचिव विकास शील को ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन में इस निर्णय के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि वर्तमान दौर में तकनीकी विकास के चलते देश-दुनिया के तमाम बड़े कार्य और करोड़ों रुपये के लेन-देन भी ओटीपी के जरिए सुरक्षित रूप से हो रहे हैं। ऐसे में धान बेचने के लिए किसानों को केंद्र पर बुलाने की अनिवार्यता समझ से परे है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान संभावित व्यावहारिक कठिनाइयों की ओर आकृष्ट कराते हुए कहा गया है कि अधिकांश उपार्जन केंद्र पहले ही पर्याप्त कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में सशरीर उपस्थिति की बाध्यता से केंद्रों पर किसानों की भारी भीड़ जमा होगी और सर्वर डाउन होने की स्थिति में कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ने से पूरी खरीदी व्यवस्था चरमरा सकती है। इसके अलावा, जो किसान उपार्जन केंद्र की सीमा से बाहर रहते हैं या जिन्होंने किसी कारणवश नॉमिनी नहीं बनाया है, उन्हें केवल उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अनावश्यक यात्रा करनी पड़ेगी। इससे किसानों का पूरा दिन बर्बाद होने के साथ-साथ उन्हें अतिरिक्त आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ेगा।किसान संघर्ष समिति ने किसानों को होने वाली इन तमाम परेशानियों को देखते हुए शासन से आग्रह किया है कि जनहित में इस आदेश पर पुनर्विचार किया जाए और तत्काल प्रभाव से पूर्ववत् ओटीपी के माध्यम से धान खरीदी की सुविधा पुनः शुरू की जाए।
विनोद गुप्ता-आरंग





