नाग देवता के आशीर्वाद प्राप्त ग्राम डिघारी में भव्य महाआरती संपन्न-माँ कुष्मांडा की आराधना में डूबे श्रद्धालु
आरंग। नाग देवता के आशीर्वाद से पवित्र ग्राम डिघारी में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर एक भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। नवरात्रि के चौथे दिन माँ कुष्मांडा की पूजा-अर्चना के इस विशेष अवसर पर पूरा ग्राम परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के जयकारों के साथ उपस्थित रहे।इस आध्यात्मिक और धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोविंद साहू (अध्यक्ष, परिक्षेत्र साहू समाज भानसोज एवं सह-प्रभारी, किसान मोर्चा भाजपा, महासमुंद जिला) ने सम्मिलित होकर माँ दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास के बीच आयोजित इस महाआरती ने ग्रामवासियों में अपार उत्साह का संचार किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से नेहरू निषाद (सरपंच, ग्राम डिघारी) अशोक पटेल (भाजपा कार्यकर्ता) आयुष दुबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और इस पावन पर्व को अत्यंत श्रद्धाभाव के साथ मनाया।
ग्राम डिघारी के अलावा मुख्य अतिथि गोविंद साहू ने ग्राम भानसोज, नारा नरसिंहपुर और अन्य स्थानों पर भी जाकर माता के पंडालों में दर्शन किए। उन्होंने वहाँ भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शारदीय नवरात्रि पर्व में सहभागिता निभाई।
विनोद गुप्ता-आरंग



