आरंग में नवरात्रि पर भक्ति और उल्लास-स्वस्तिक मित्र मंडल द्वारा भव्य भंडारे का हुआ सफल आयोजन
आरंग। नवरात्रि के पावन पर्व पर आरंग में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पूर्व नगर पालिका कार्यालय (पुलिस थाना आरंग के सामने) स्थित स्थल पर स्वस्तिक मित्र मंडल के तत्वावधान में 14 अक्टूबर 2026, बुधवार को एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी का प्रसाद ग्रहण किया।
धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत पूरी विधि-विधान के साथ की गई। इस दौरान सबसे पहले नौ कन्याओं का पूजन और माता रानी की आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात माँ को भोग अर्पित कर नौ कन्याओं को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया, जिसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का शुभारंभ हुआ।इस भव्य भंडारे में जाति और वर्ग के बंधनों से ऊपर उठकर सभी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन में क्षेत्र के बड़े-बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन ने आरंग में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की।स्वस्तिक मित्र मंडल ने इस धार्मिक आयोजन के दौरान स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा। प्रसाद वितरण स्थल को पूरी तरह स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा गया था। साथ ही, आयोजन के समापन के बाद भी संपूर्ण परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित की गई, जिससे मंडल ने समाज को स्वच्छता बनाए रखने का एक प्रेरणादायक संदेश दिया।
स्वस्तिक मित्र मंडल के सभी सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं के सक्रिय सहयोग से यह धार्मिक अनुष्ठान पूरी भव्यता और सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन ने क्षेत्र में भक्ति भाव को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया है।
विनोद गुप्ता-आरंग



