
महासमुंद पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी
⚫ पिता-बेटे ने मिलकर की थी हत्या, शव को कुंए में फेंककर छुपाने का किया प्रयास
⚫ कुंए में प्लास्टिक बोरी में तैरता शव मिलने से फैली थी सनसनी
⚫ घरेलू विवाद और शराब की लत बनी हत्या की मुख्य वजह
⚫ घटना में प्रयुक्त मो0सा0 डिलक्स CG 04 MU/1345 जप्त
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 09.04.2026 को थाना महासमुंद क्षेत्रांतर्गत यशवंत चन्द्राकर के मुर्गी फार्म एवं जंगल से लगे एनीकट कुंआ में एक युवक का शव प्लास्टिक बोरी में भरा हुआ पानी में तैरते हुए मिलने की सूचना प्राप्त हुई। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
महासमुंद पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई। अज्ञात शव मिलने पर थाना महासमुंद में मर्ग क्र. 52/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच में लिया गया। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका पर मर्ग जांच उपरांत अपराध क्र. 195/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
शव की पहचान
मर्ग जांच के दौरान ग्रामीणों, सरपंच एवं कोटवार से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि ग्राम लभरा खुर्द निवासी सत्यानारायण ध्रुव कई दिनों से गांव में दिखाई नहीं दे रहा था।
शव की पहचान हेतु मृतक के पिता महेश ध्रुव को बुलाया गया, जिनके द्वारा शव की पहचान अपने पुत्र सत्यानारायण ध्रुव पिता महेश ध्रुव उम्र 27 वर्ष निवासी लभरा खुर्द के रूप में की गई।
हत्या का खुलासा
संदेह के आधार पर मृतक के परिजनों से पूछताछ की गई। पूछताछ में मृतक के पिता महेश ध्रुव, माता आहिल्याबाई एवं मृतक के छोटे भाई (विधि से संघर्षरत बालक) से विधिवत पूछताछ कर मेमोरेंडम कथन लिया गया।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक सत्यानारायण ध्रुव शराब पीने का आदी था और शराब के नशे में अक्सर अपने माता-पिता के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट करता था।
दिनांक 06.03.2026 को मृतक सत्यानारायण ने अपनी मां आहिल्या ध्रुव के साथ गाली-गलौच कर मारपीट करना प्रारंभ किया। जब उसके छोटे भाई (विधि से संघर्षरत बालक) ने उसे रोकने का प्रयास किया तो मृतक ने उसे भी धक्का दे दिया।
इस पर गुस्से में आकर विधि से संघर्षरत बालक ने घर में रखे पत्थर के सील से मृतक के सिर पर लगातार 3-4 बार वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गया तथा उसके नाक एवं कान से खून बहने लगा। गंभीर चोटों के कारण मृतक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
साक्ष्य छुपाने की कोशिश
हत्या के बाद बालक ने घर में फैले खून को दुपट्टे से साफ किया। कुछ देर बाद मृतक के पिता महेश ध्रुव घर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पुत्र सत्यानारायण को मृत अवस्था में देखा।
इसके बाद आरोपी पिता एवं पुत्र ने मिलकर शव को छुपाने की योजना बनाई। दोनों ने शव को घर में रखे बोरी में भरकर, बीच में रखकर अपने मो0सा0 डिलक्स CG 04 MU/1345 से ले जाकर यशवंत चन्द्राकर के मुर्गी फार्म के पास जंगल से लगे एनीकट कुंआ में पत्थर बांधकर फेंक देना स्वीकार किया।
इस प्रकार आरोपियों द्वारा हत्या कर शव को कुंए में डालकर घटना को छुपाने का प्रयास किया गया।
पुलिस की कार्यवाही
प्रकरण में साक्ष्य छिपाने एवं हत्या के अपराध में आरोपी पिता महेश ध्रुव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
विधि से संघर्षरत बालक को माननीय बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर विधिसम्मत कार्यवाही की गई है।
घटना में प्रयुक्त मो0सा0 डिलक्स CG 04 MU/1345 को भी पुलिस द्वारा जप्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- महेश ध्रुव
पिता – स्व. डेरहा राम
उम्र – 54 वर्ष
निवासी – लभरा खुर्द, थाना व जिला महासमुंद (छ0ग0)

