शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 548 विद्यार्थियों का हुआ नेत्र परीक्षण
आरंग। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोसरंगी में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण अभियान के अंतर्गत व्यापक नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।कलेक्टर गौरव कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर स्कूली बच्चों का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोसरंगी में कुल 548 छात्र-छात्राओं का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान 32 विद्यार्थियों में दृष्टिदोष पाया गया। सभी चिन्हित विद्यार्थियों की आवश्यकतानुसार चश्मे के लिए जांच की गई।नेत्र परीक्षण हेतु नेत्र सहायक चिकित्सा अधिकारी श्री सालिक नौरंगे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में बच्चे मोबाइल, लैपटॉप, टीवी एवं अन्य आधुनिक गैजेट्स का अत्यधिक उपयोग कर रहे हैं, जिसके कारण कम उम्र में ही बड़ी संख्या में बच्चों को दृष्टि संबंधी समस्याएं हो रही हैं और चश्मे की आवश्यकता पड़ रही है। नौरंगे ने बताया कि दृष्टिदोष से प्रभावित सभी 32 विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार निःशुल्क चश्मा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य शिक्षा देते हुए संतुलित खान-पान, दैनिक व्यायाम एवं योग को अपने जीवन में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही मोबाइल, लैपटॉप, टीवी एवं अन्य आधुनिक गैजेट्स का उपयोग सीमित करने तथा वर्ष में कम से कम एक बार नेत्र परीक्षण कराने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आंखों से संबंधित समस्याओं की समय पर पहचान एवं रोकथाम की जा सके।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग




