साइबर अलर्ट-मोबाइल में फर्जी लिंक या APK इंस्टॉल होने पर तुरंत उठाएं ये 6 कदम
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच, अक्सर यूजर्स अनजाने में किसी फर्जी लिंक पर क्लिक कर देते हैं या नुकसानदायक APK फाइल अपने स्मार्टफोन में इंस्टॉल कर लेते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय शांति से और तुरंत कार्रवाई करके अपने कीमती डेटा और बैंक खाते को सुरक्षित रखा जा सकता है। साइबर सुरक्षा जागरूकता एडवाइजरी के अनुसार, मोबाइल से फर्जी ऐप हटाने और खुद को सुरक्षित रखने के लिए 6 महत्वपूर्ण कदम उठाए जाने चाहिए।01.तुरंत फ्लाइट मोड (Flight Mode) ऑन करें: घटना का अंदेशा होते ही इंटरनेट, वाई-फाई और मोबाइल डेटा को तुरंत बंद कर दें। ऐसा करने से ठग आपके फोन से कोई भी डेटा बाहर नहीं भेज सकेंगे।
02. डिवाइस एडमिन (Device Admin) से परमिशन हटाएं: फोन की सेटिंग्स (Settings) में ‘सुरक्षा’ (Security) विकल्प के तहत ‘Device Admin Apps’ पर जाएं और वहां मौजूद किसी भी संदिग्ध या अज्ञात ऐप की परमिशन तुरंत हटा दें।
03.ऐप को अनइंस्टॉल (Uninstall) करें: सेटिंग्स (Settings) के ‘Apps’ सेक्शन में जाकर संदिग्ध ऐप को खोलें। ‘Uninstall’ पर टैप करें और फिर ‘OK’ दबाकर ऐप को पूरी तरह से हटा दें।
04.सेफ मोड (Safe Mode) में फोन की जांच करें: अपने फोन को पावर ऑफ करें और फिर ‘सेफ मोड’ में चालू करें। इस मोड में सिस्टम में छिपे हुए संदिग्ध ऐप्स को पहचान कर हटाना आसान हो जाता है।
05.बैंक पासवर्ड और UPI PIN बदलें: एहतियात के तौर पर अपने बैंकिंग ऐप और UPI का पासवर्ड तुरंत बदल लें। अपना SMS या OTP कभी भी किसी के साथ शेयर न करें।
06.1930 पर कॉल और Play Protect स्कैन: साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें। इसके साथ ही, Google Play Store में जाकर ‘Play Protect’ के जरिए अपने फोन को स्कैन करें।ऐप्स हमेशा ‘Google Play Store’ जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही डाउनलोड करें। किसी भी अज्ञात लिंक, SMS या WhatsApp मैसेज पर क्लिक करने से बचें।मोबाइल डेटा का नियमित रूप से बैकअप लेते रहें।यदि आपके बैंक खाते से कोई अनधिकृत लेन-देन हुआ है या पैसे कट गए हैं, तो बिना किसी देरी के तुरंत अपने बैंक और 1930 पर इसकी सूचना दें। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें, क्योंकि सुरक्षा आपकी जिम्मेदारी है।
विनोद गुप्ता-आरंग



