आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ हर्षोल्लास के साथ संपन्न, कार्यकर्ताओं व मितानिनों का हुआ सम्मान
आरंग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस और उनके 25 वर्षों की अनवरत राष्ट्र सेवा के उपलक्ष्य में देशभर में मनाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत एकीकृत बाल विकास परियोजना आरंग (सेक्टर रानीसागर) के ग्राम देवरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भव्य ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार आयोजित इस पखवाड़े में स्वच्छता, पोषण जागरूकता और आंगनबाड़ी सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र को आकर्षक रंगोली, गुब्बारों और पोषण थाली प्रदर्शनी से सजाया गया था। केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक स्वागत गीत और कविता पाठ कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों—जैसे कोदो, रागी, भाजियां और दाल—की विशेष प्रदर्शनी लगाई गई तथा उपस्थित महिलाओं को सुपोषण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान सुपोषित बच्चों, उनकी माताओं और गांव की मितानिन दीदियों को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से, समाजसेवी सत्यार्थ प्रकाश साहू ने वर्षों से निःस्वार्थ सेवा दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, परियोजना अधिकारी और सुपरवाइजर को मोमेंटो भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही, शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नन्हे बच्चों को पानी की बोतलें भी उपहार स्वरूप प्रदान की गईं।इस सफल आयोजन में परियोजना अधिकारी सोमनाथ राजपूत, सुपरवाइजर अंजू एक्का, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जानी चंद्राकर (केंद्र क्र. 01), प्रियंका साहू (केंद्र क्र. 02) और सहायिका सेवती व संतोषी सहित रानीसागर सेक्टर की सभी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य प्रीतम साहू, सरपंच चेतन बाई साहू, पूर्व सरपंच उषा देवी साहू, समाज सेवी सत्यार्थ प्रकाश साहू, शिक्षक टी.आर. पाल, नेमीचंद साहू, विष्णु साहू, जय वर्मा (अजीम प्रेमजी फाउंडेशन), चन्द्रवंशी मानिकपुरी, मधु साहू, पुष्पा साहू, फुलेश्वरी साहू, लीला साहू, दुलारी साहू और ललिता सहित गांव के कई गणमान्य नागरिक, अभिभावक और हितग्राही माताएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।
विनोद गुप्ता-आरंग



