त्वरित कार्रवाई-आरंग के ग्राम कुकरा में कृषि विभाग के दल ने किया प्रभावित खेतों का संयुक्त निरीक्षण एवं पंचनामा
आरंग । 24 नवंबर 2026। हाल ही में आए चक्रवात और असमय बारिश के कारण खेतों में रखी कटी हुई फसल (करपा) में भारी नुकसान की खबरों एवं आशंकाओं का कृषि विभाग, जिला रायपुर द्वारा स्पष्ट रूप से खंडन किया गया है। विभाग ने किसानों को आश्वस्त किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित कृषकों को नियमानुसार उचित बीमा भुगतान का लाभ प्रदान किया जाएगा और उनके हितों का पूर्ण संरक्षण होगा।
प्रभावित खेतों का संयुक्त निरीक्षण और पंचनामा कार्रवाई
असमय वर्षा की स्थिति बनते ही कृषि विभाग द्वारा मैदानी स्तर पर तत्परता दिखाते हुए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा प्रारंभ कर दिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार, 24 नवंबर को विकासखंड आरंग के ग्राम कुकरा में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी (ADO रीवा) तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (क्षेत्र रीवा) के संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
दल द्वारा कृषक दिनदयाल साहू (पिता कांशीराम साहू) के खसरा नंबर 902, 851, 841 एवं 1369 (रकबा क्रमशः 0.15 हे., 0.32 हे., 0.22 हे. एवं 0.22 हे.) में रखी कटी फसल (करपा) का संयुक्त क्षति निरीक्षण एवं पंचनामा तैयार किया गया। निरीक्षण के दौरान खेत में रखी कटी फसल के पानी में भीगने से अंकुरण एवं बीज सड़ने जैसी स्थिति पाई गई। इसके अतिरिक्त, ग्राम के अन्य कृषक—हिलाडू (पिता केशोरीराम साहू), टेकराम (पिता चमरू साहू) एवं भूतराम (पिता श्रवण साहू)—के खेतों में भी इसी प्रकार की स्थिति संज्ञान में आई है।
बीमा दावों पर निगरानी और 72 घंटे में सूचना देने की अपील
निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि प्रभावित कृषक द्वारा बीमा कंपनी (HDFC ERGO General Insurance Co. Ltd.) के माध्यम से ऑनलाइन फसल क्षति की सूचना दर्ज कराई गई है (शिकायत क्रमांक 0624112656000063947, 0624112656000063963, 0624112656000064012 एवं 0624112656000064064)। कृषि विभाग द्वारा इन सभी प्रकरणों का विधिवत पंचनामा एवं प्रतिवेदन तैयार कर अग्रिम कार्यवाही हेतु संकलित किया जा रहा है।
उप संचालक कृषि, जिला रायपुर ने कृषकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अनावश्यक चिंता में न आएं। बीमित कृषकों को सर्वे एवं आकलन प्रक्रिया के अनुरूप उचित दावा राशि प्रदान की जाएगी। विभाग ने सलाह दी है कि फसल क्षति की स्थिति में किसान निर्धारित समय-सीमा 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी के टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर सूचना दें अथवा कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क कर अपना विवरण समय पर दर्ज कराएं।
विनोद गुप्ता-आरंग





