मौसम की मार के बाद अब उम्मीद की किरण-खेतों में बिछी धान की फसल बचाने की जद्दोजहद में जुटे अन्नदाता
आरंग।हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। प्राकृतिक आपदा की इस मार से खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई, जिससे अन्नदाताओं के सामने रोजी-रोटी और लागत निकालने का गंभीर संकट खड़ा हो गया था। हालांकि, अब मौसम साफ होने और धूप निकलने से किसानों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है।आसमान खुलते ही किसान एक बार फिर हिम्मत जुटाकर अपने खेतों में उतर गए हैं। पानी और हवा के कारण जमीन पर गिर चुकी फसल को सड़ने और खराब होने से बचाने के लिए किसान दिन-रात एक कर रहे हैं। गीली फसल को समेटने और उसे सुरक्षित करने की यह कवायद किसी जंग से कम नहीं है, लेकिन अपनी मेहनत को बचाने के लिए किसान हर संभव प्रयास में जुटे हैं।किसानों का जीवन हमेशा से ही प्रकृति की अनिश्चितताओं और कड़े संघर्षों के बीच गुजरता है। कभी चिलचिलाती धूप, तो कभी असमय बारिश का सामना करने के बावजूद देश का अन्नदाता कभी हार नहीं मानता। संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, किसान उम्मीद का दामन नहीं छोड़ता, क्योंकि वह केवल अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश का पेट भरने के लिए अन्न उगाता है।प्राकृतिक आपदा से हुए भारी नुकसान को देखते हुए अब किसानों की नजरें शासन और प्रशासन पर टिकी हैं। प्रभावित किसानों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द राजस्व और कृषि विभाग की टीमों के माध्यम से खेतों का उचित सर्वेक्षण कराया जाए। किसानों का कहना है कि उन्हें समय पर उचित आर्थिक राहत और मुआवजा मिलना बेहद जरूरी है, ताकि वे इस नुकसान से उबर सकें और अगली फसल की तैयारी कर सकें।
विनोद गुप्ता-आरंग





