कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की पहल पर आरंग में शिक्षा को मिली नई उड़ान-1.96 करोड़ के 02 नए स्कूल भवनों की मिली सौगात
आरंग। विधानसभा क्षेत्र की शैक्षणिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के विशेष प्रयासों से आरंग विकासखंड के दो प्रमुख विद्यालयों—शासकीय हाई स्कूल भैंसा और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भण्डारपुरी के नवीन भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के नवीन मद के तहत कुल 1 करोड़ 96 लाख 39 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है, जिससे सैकड़ों विद्यार्थियों को जर्जर भवनों से मुक्ति मिलेगी।।शासन स्तर पर हुई इस स्वीकृति के तहत शासकीय हाई स्कूल, भैंसा (ई-संवर्ग) के नवीन भवन निर्माण के लिए 75.23 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वर्तमान में इस विद्यालय में 121 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और 4 शिक्षक पदस्थ हैं। इसी प्रकार शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, भण्डारपुरी (ई-संवर्ग) के नवीन भवन निर्माण के लिए 121.16 लाख रुपये (1.21 करोड़) की राशि स्वीकृत की गई है, जहां वर्तमान में 221 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और 8 शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।लंबे समय से भैंसा और भण्डारपुरी के विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुपात में पर्याप्त और आधुनिक कक्षों की कमी महसूस की जा रही थी। ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समितियों ने इस समस्या से विधायक गुरु खुशवंत साहेब को अवगत कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री साहेब ने शासन स्तर पर लगातार पहल की, जिसके परिणामस्वरूप बजट 2026-27 में दोनों भवनों को प्राथमिकता के साथ शामिल कर स्वीकृति प्रदान की गई।।नवीन शाला भवनों की मंजूरी मिलने से भैंसा, भण्डारपुरी सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में उत्साह का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समिति के सदस्यों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रति आभार व्यक्त किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनके नेतृत्व में आरंग विधानसभा में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे आगामी सत्रों में ग्रामीण प्रतिभाओं को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।
विनोद गुप्ता-आरंग





