आज से बहिष्कार शुरू-प्रोत्साहन राशि और जांच के विरोध में CHO संवर्ग का अनिश्चितकालीन आंदोलन-ऑनलाइन रिपोर्टिंग ठप्प
आरंग। छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ (CGCHOU) के आह्वान पर आज, 15 अक्टूबर 2026 से प्रदेशभर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) ने सभी प्रकार की ऑनलाइन रिपोर्टिंग का अनिश्चितकालीन बहिष्कार शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के राज्य कार्यालय द्वारा 9 अक्टूबर को जारी उस पत्र के विरोध में यह कदम उठाया गया है, जिसमें प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितताओं की जांच के नाम पर सीएचओ संवर्ग को एकतरफा रूप से लक्षित करने का आरोप लगाया गया है।संघ ने स्पष्ट किया है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में पूरी टीम की सामूहिक सहभागिता होती है। ऐसे में स्वास्थ्य संकेतकों या ऑनलाइन रिपोर्टिंग में कमी के लिए केवल सीएचओ को जिम्मेदार ठहराना पूरी तरह अनुचित है। इसके अलावा, पिछले 8-9 महीनों से लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जिससे मैदानी स्तर पर काम कर रहे कर्मियों में भारी असंतोष व्याप्त है।संघ की प्रमुख मांगों में 9 अक्टूबर के विवादास्पद पत्र को तत्काल निरस्त या संशोधित करना, लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान करना और जांच प्रक्रिया को पारदर्शी व न्यायसंगत बनाना शामिल है। संघ ने पूर्व में चेतावनी दी थी कि यदि 10 दिवस के भीतर मांगों का निराकरण नहीं हुआ, तो यह बहिष्कार पूर्ण अनिश्चितकालीन आंदोलन का रूप ले लेगा। इस संबंध में जिला स्तर पर पदाधिकारियों द्वारा पहले ही कलेक्टर, सीएमएचओ और बीएमएचओ को लिखित सूचना दे दी गई है। आज से रिपोर्टिंग कार्य ठप होने से ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं और रिपोर्टिंग व्यवस्था पर असर पड़ना तय है।
विनोद गुप्ता-आरंग



