महासमुंद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 468 लीटर महुआ शराब जब्त

महासमुंद। कलेक्टर जिला महासमुंद के निर्देश पर आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 2 प्रकरण दर्ज करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 468.2 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब के साथ शराब बनाने के लिए तैयार 2000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया है।

आबकारी विभाग के अनुसार पहली कार्रवाई खल्लारी थाना क्षेत्र के आरण्ड में की गई। यहां आरोपी धर्मेंद्र साहू पिता चिंताराम साहू के कब्जे से 18.2 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम किया गया।

वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई बलौदा थाना क्षेत्र, तहसील सरायपाली के अमलीपदर जंगल में की गई। टीम ने यहां मंगलू बरिहा पिता गणा बरिहा के कब्जे से 450 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब तथा शराब निर्माण के लिए तैयार 2000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 34(1)(क)(च), 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस तरह दोनों कार्रवाई में कुल 468.2 लीटर अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब और 2000 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का निर्माण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा है। पूरी कार्रवाई आबकारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार झारिया, जिला स्तरीय उड़नदस्ता महासमुंद के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक ह्रदय कुमार तिरपुड़े, नितेश बैस, विकास बढ़ेंद्र सहित आबकारी आरक्षक नागेश्वरी, भेषप्रकाश, सौरभ सिंह, सृष्टि देवांगन और दिलीप मार्कण्डेय समेत महासमुंद, ग्रामीण, पिथौरा एवं जिला आबकारी उड़नदस्ता का स्टाफ शामिल रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
