‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत आरंग पुलिस की बड़ी कार्रवाई-2 किलो गांजा के साथ महिला समेत 3 आदतन तस्कर गिरफ्तार
आरंग।पुलिस महानिरीक्षक (IG) रायपुर जोन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना आरंग पुलिस ने 2 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला तस्कर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये है।थाना आरंग के अपराध क्रमांक 471/2026, धारा 20(B) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत दिनांक 04.10.2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भानसोज की रहने वाली मनचली नाम की महिला एक सफेद प्लास्टिक थैले में गांजा रखकर आरंग कॉलेज चौक के पास बस से उतरी है और पैदल अपने घर भानसोज की ओर जा रही है। इस पुख्ता सूचना पर आरंग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरंग-कलई रोड पर वाटर हार्वेस्टिंग के पास घेराबंदी कर महिला को पकड़ लिया। पकड़ी गई महिला ने अपना नाम मनचली दिवरा (उम्र 50 वर्ष, निवासी देवारपारा भानसोज) बताया। उसके पास मौजूद सफेद थैले की तलाशी लेने पर भूरे टेप से लिपटे हुए गांजे के दो पैकेट बरामद हुए। गवाहों के समक्ष तौल कराने पर उसका कुल वजन 2 किलोग्राम पाया गया, जिसे् पुलिस ने जप्ती पत्रक के तहत जब्त कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपिया मनचली ने सनसनीखेज खुलासे करते हुए बताया कि वह यह गांजा ग्राम पारागांव के रहने वाले सुखनंदन बंजारे से खरीदकर लाई थी और इसे ग्राम गुल्लू निवासी वेदराम लोधी को बेचने के लिए ले जा रही थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों सह-आरोपियों—वेदराम लोधी (उम्र 21 वर्ष, निवासी गुल्लू) और सुखनंदन बंजारे (उम्र 36 वर्ष, निवासी पारागांव)—को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस द्वारा आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि पकड़े गए तीनों आरोपी शातिर और आदतन अपराधी हैं। मुख्य आरोपिया मनचली दिवरा पूर्व में थाना तेलीबांधा से धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत जेल जा चुकी है। वहीं, वेदराम लोधी भी थाना आरंग से आबकारी एक्ट के मामले में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ मारपीट के 3 प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा, सुखनंदन बंजारे के खिलाफ भी पूर्व से मारपीट के 2 आपराधिक मामले पंजीबद्ध हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को दिनांक 04.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की भी धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विनोद गुप्ता-आरंग



