सेवा संकल्प अभियान के तहत तुमगांव में सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम

तुमगांव। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमगांव में आज सेवा संकल्प अभियान के तहत सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से बचने तथा नशे से दूर रहने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नागेंद्र दुबे एवं नीलांबर कन्नौजे ने विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की संक्षिप्त एवं उपयोगी जानकारी देते हुए जागरूक किया। उन्होंने सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा मोबाइल फोन के सुरक्षित इस्तेमाल पर जोर दिया। वहीं साइबर सुरक्षा के तहत अनजान लिंक, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी गई। नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के मुख्य नगर पंचायत अधिकारी भी शामिल हुए। उन्होंने भी विद्यार्थियों को जागरूकता अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए समाज में सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र कुमार निर्मलकर, प्रधानाचार्य विजय कुमार निर्मलकर, वरिष्ठ आचार्य आत्माराम नायक, श्रीमती सुनीता साहू, चित्रलेखा साहू, शांति ढीढी, दामनी निषाद, लक्ष्मी ध्रुव, गंगा यादव, भावनी निषाद एवं कामिनी आवडे सहित विद्यालय के समस्त आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य रामेश्वर साहू ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से सतर्कता और नशा मुक्ति का संदेश देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
