खरोरा से गिरौदपुरी धाम तक निकलेगी भव्य ‘सर्व समाज सद्भावना पदयात्रा’-सात ध्वजों के साथ उमड़ेगा जनसैलाब
आरंग। सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और बाबा गुरु घासीदास के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी 2 दिसंबर से 6 दिसंबर तक खरोरा से पावन तीर्थ स्थल गिरौदपुरी धाम तक पांच दिवसीय ऐतिहासिक ‘सर्व समाज सद्भावना पदयात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशाल यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।02 दिसंबर को दोपहर 01 बजे खरोरा से इस यात्रा का भव्य शुभारंभ होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, क्षेत्रीय सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित साहू, सतनामी, कुर्मी, यादव, निषाद, पटेल, धीवर, देवांगन और पाल समाज सहित सर्व समाज के प्रमुख मुखिया एवं वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहकर यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा की रूपरेखा तय करने के लिए खरोरा नगर में सर्व समाज की एक बैठक भी संपन्न हुई, जिसमें पदाधिकारियों के सुझावों के आधार पर आयोजक मंडल ने अंतिम निर्णय लिए। इस पदयात्रा की सबसे अनूठी विशेषता सर्व समाजों के प्रतीक के रूप में शामिल होने वाले सात ध्वज होंगे। अलग-अलग समाज के प्रतिनिधि इन ध्वजों को थामकर पूरी यात्रा के दौरान अग्रणी पंक्ति में चलेंगे, जो प्रदेश में सामाजिक एकता की नई मिसाल पेश करेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा के पहले दिन 02 दिसंबर को दोपहर 1 बजे शुभारंभ के बाद काफिला ग्राम भैंसा पहुँचेगा, जहाँ रात्रि विश्राम होगा। मार्ग में ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा और शाम को भैंसा में भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। दूसरे दिन 03 दिसंबर को सुबह नाश्ते के बाद यात्रा संडी, खरतोरा होते हुए पलारी पहुँचेगी, जहाँ रात्रि विश्राम से पूर्व सर्व समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ जनों का सम्मान समारोह आयोजित होगा। तीसरे दिन 04 दिसंबर को काफिला जिला मुख्यालय बलौदाबाजार पहुँचेगा, जहाँ रात्रि विश्राम एवं सत्संग का आयोजन रखा गया है। चौथे दिन 05 दिसंबर को यात्रा लवन मार्ग से होते हुए कसडोल पहुँचेगी, जहाँ यात्रियों के भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी। अंतिम दिन 06 दिसंबर को काफिला मड़वा मुख्य सेंटर पहुँचेगा और यहाँ से सभी श्रद्धालु 03 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर पावन तपोभूमि गिरौदपुरी धाम पहुँचेंगे। धाम में समस्त समाजों की सुख-समृद्धि व शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का समापन होगा।यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आयोजकों ने विशेष प्रबंध किए हैं। पूरे पांच दिनों तक यात्रा के साथ एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ की एक समर्पित टीम लगातार चलेगी, ताकि आपात स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। साथ ही पूरे मार्ग में शुद्ध पेयजल, नाश्ता और भोजन की व्यवस्था भी साथ-साथ चलेगी।यात्रा के आयोजक एवं प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता वेदराम मनहरे ने कहा कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सर्व समाज समरसता की जीवंत झलक है। जब सात ध्वज एक साथ लहराएंगे, तो पूरे प्रदेश में एकता और सद्भाव का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि हर श्रद्धालु को यात्रा में घर जैसा माहौल मिले, इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
विनोद गुप्ता-आरंग





