महानदी का सीना चीरकर ‘रेत का काला कारोबार’-सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी कार्रवाई शून्य-खनिज विभाग के अधिकारियों ने साधी चुप्पी
आरंग। विकासखंड आरंग की ग्राम पंचायत मोहमेला में महानदी से अवैध रेत उत्खनन का कारोबार एक बार फिर बेखौफ होकर शुरू हो गया है। पिछले करीब दो वर्षों से रुक-रुककर चल रहा यह अवैध खेल अब बड़े पैमाने पर संगठित रूप ले चुका है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच और सरपंच पति पर राजनीतिक एवं प्रशासनिक संरक्षण में अवैध रेत कारोबार संचालित कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।
बिना रॉयल्टी रोजाना 1000 ट्रिप रेत का परिवहन
ग्रामीणों के मुताबिक, महानदी के गर्भ से प्रतिदिन लगभग 1000 से अधिक ट्रिप रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। इसके लिए नदी में कई जेसीबी मशीनें उतारी गई हैं और बड़ी संख्या में हाईवा वाहनों का इस्तेमाल हो रहा है। आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति और रॉयल्टी के बड़े पैमाने पर रेत निकालकर डंप की जा रही है और खुले बाजार में खपाई जा रही है।
चारागाह और सरकारी जमीन पर अवैध डंपिंग
नदी से निकाली जा रही रेत को गांव की चारागाह भूमि और खाली पड़ी शासकीय जमीन पर डंप किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह न केवल शासकीय भूमि के खुलेआम दुरुपयोग और अवैध कब्जे का मामला है, बल्कि पर्यावरणीय नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मवेशियों के चारागाह के अस्तित्व को भी खत्म किया जा रहा है।
सीएम हेल्पलाइन बेअसर, खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
ग्रामीणों ने बताया कि इस अवैध उत्खनन को रोकने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन धरातल पर कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। ग्रामीणों ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों को फोन करने पर न तो संज्ञान लिया जाता है और न ही फोन उठाया जाता है।
प्रशासनिक नाक के नीचे चल रहा अवैध खेल
इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि मोहमेला गांव समोदा स्थित प्रशासनिक कार्यालयों से महज 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रशासनिक कार्यालयों के इतने करीब होने के बावजूद यदि प्रतिदिन सैकड़ों भारी वाहन रेत लेकर गुजर रहे हैं, तो संबंधित विभागों की निगरानी और जांच व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना लाजिमी है।
जर्जर सड़कें और दुर्घटनाओं का बढ़ता खतरा
रेत परिवहन में लगे ओवरलोड हाईवा वाहनों की दिन-रात आवाजाही से गांव की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ रेत माफिया निजी स्तर पर लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ टूटी सड़कों, धूल और हर पल मंडराते सड़क दुर्घटनाओं के खतरे का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार
इस पूरे मामले में खनिज विभाग का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए संबंधित अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। अब यह मामला केवल खनिज विभाग तक सीमित न रहकर राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की जवाबदेही से जुड़ गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मौके पर संयुक्त टीम भेजकर जांच कराने, शासकीय भूमि पर डंप रेत जब्त करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विनोद गुप्ता-आरंग





