जनपद पंचायत बागबाहरा में तीर्थ यात्री श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, सोमनाथ और नागेश्वर धाम की तीर्थयात्रा पर निकला जत्था।

बागबाहरा। तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत बागबाहरा की ओर से श्रद्धालुओं को गुजरात स्थित पवित्र तीर्थस्थलों सोमनाथ एवं नागेश्वर धाम के दर्शन के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर,नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल,जिला पंचायत महासमुंद उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, महिला बाल विकास के सभापति मधुलिका गणेश चंद्राकर,जनपद सदस्य भूपेंद्र मोंटू दीवान,पार्षद शैलेष साहू ,बागबाहरा मंडल अध्यक्ष डिंपल डाली ध्रुव,कोमाखान मंडल अध्यक्ष रूपेश साहू,किसान मोर्चा अध्यक्ष पिलेश्वर पटेल,पूर्व सरपंच रिंकू चेतन चंद्राकर एवं गणमान्य नागरिक के उपस्थित मे जनप्रतिनिधियों के साथ तीर्थयात्रियों के वाहन को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया और सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने तीर्थयात्रा को आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक शांति से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं और वरिष्ठजनों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। यह पहल धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ उन लोगों के लिए भी विशेष महत्व रखती है, जिनके लिए व्यक्तिगत रूप से दूरस्थ तीर्थस्थलों की यात्रा करना आसान नहीं होता।

उन्होंने कहा कि सोमनाथ और नागेश्वर धाम जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों की यात्रा श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक आनंद और आत्मिक संतोष का संचार करेगी। इस अवसर पर उन्होंने सभी यात्रियों की कुशल यात्रा और सकुशल वापसी की कामना की।
गौरतलब है कि गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में विशेष स्थान रखता है। वहीं नागेश्वर धाम भी भगवान शिव के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में शामिल है। इन दोनों धार्मिक स्थलों के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
तीर्थयात्रियों को विदाई देते हुए जनप्रतिनिधियों ने बाबा सोमनाथ एवं नागेश्वर महादेव से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सफल, सुरक्षित और मंगलमय होने की प्रार्थना की।
