राष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता में आरंग की टीकेश्वरी साहू ने संभाली छत्तीसगढ़ टीम की कमान, शानदार प्रदर्शन से क्षेत्र का बढ़ाया मान
आरंग। दिल्ली में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय अंडर-19 बालिका रग्बी प्रतियोगिता में आरंग रग्बी फुटबॉल क्लब की होनहार खिलाड़ी टीकेश्वरी साहू ने छत्तीसगढ़ रग्बी टीम का नेतृत्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। राष्ट्रीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि से पूरे आरंग क्षेत्र और खेल जगत में हर्ष का माहौल है।।आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व कसडोल में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय बालिका रग्बी प्रतियोगिता में टीकेश्वरी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय टीम में हुआ और उन्हें टीम की कमान सौंपी गई।उन्होंने बताया कि टीकेश्वरी अत्यंत मेहनती खिलाड़ी हैं और प्रतिदिन मैदान में पूरे अनुशासन के साथ अभ्यास करती हैं। इससे पहले भी वह कई उच्च स्तरीय रग्बी प्रतियोगिताओं में अपने बेहतरीन खेल का लोहा मनवा चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर यह सफलता उनकी निरंतर कड़ी मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है।टीकेश्वरी की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आरंग युवा एवं खेल संगठन के संरक्षक योगेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष अमन साहू, सचिव मनीष सोनकर, शिवम सोनकर सहित आरंग रग्बी फुटबॉल क्लब की शोभा लोधी, हिमांशु लोधी और सभी सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग





