प्रदेश के 169 चुनिंदा शिक्षकों में बनाई जगह-इस व्याख्याता को मिला ‘नवदीप गुरु गौरव सम्मान 2026
आरंग। नवदीप शिक्षण सेवा समिति, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में व्याख्याता मीतांजलि महंती को प्रतिष्ठित “नवदीप गुरु गौरव सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। साहू धर्मशाला भवन, कुटेला में शनिवार और रविवार को संपन्न हुए इस भव्य समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 169 प्रतिभावान और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा (विकासखंड- आरंग, जिला- रायपुर) में पदस्थ व्याख्याता मीतांजलि महंती को यह सम्मान उनकी अनूठी शैक्षणिक प्रतिभा, नवाचार, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण को देखते हुए प्रदान किया गया है। गौरतलब है कि श्रीमती महंती राष्ट्रीय स्तर की कार्यशालाओं के साथ-साथ राज्य के प्रशिक्षण संस्थानों में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में भी अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रही हैं।इस राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य व विशिष्ट अतिथि के रूप में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, पूर्व विधायक कामदा जोल्हे, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे, जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ठाकुर एवं जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी नारायण पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन नवदीप शिक्षण सेवा समिति के संस्थापक व संयोजक डॉ. जगजीवन प्रसाद जांगड़े (जुगनू) तथा प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुमार कश्यप के नेतृत्व में किया गया।मीतांजलि महंती की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है। संस्था के प्राचार्य शैलेंद्र पटले ने उन्हें विशेष रूप से बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग





