दीपावली पर यहॉं गूंजा नशा मुक्ति का संदेश-युवाओं को दिलाया गया संकल्प-अवैध कारोबार पर सख्ती की मांग
आरंग। दीपावली पर्व के अवसर पर ग्राम टेकारी (कुंडा) में सर्व सेवा फाउंडेशन, रायपुर के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त एवं समृद्ध भारत’ के निर्माण के उद्देश्य से जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक वातावरण और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की गई।इस अवसर पर ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार रखते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल जागरूकता अभियानों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए शासन-प्रशासन को भी ठोस और प्रभावी कदम उठाने होंगे। अवैध नशे के कारोबार पर कड़ा नियंत्रण, युवाओं के लिए सकारात्मक गतिविधियों के अवसर तथा समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है।कार्यक्रम का संचालन सर्व सेवा फाउंडेशन, रायपुर के जिला समन्वयक अतुल धीवर द्वारा किया गया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नशा मुक्त भारत अभियान में सहभागी बनकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर संतोष वर्मा (नमस्कार), संजूलाल वर्मा (पंच), मनीष (युवा उद्यमी), मिथलेश साहू, विजय शर्मा, यशवंत कन्नौजे, जित्तू वर्मा, नंदू धीवर, केडी साहू, अजय वर्मा, चंदूलाल वर्मा, नंदकिशोर धीवर, रूपेंद्र साहू, सोनू पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग





