”दिशा, दीक्षा और मार्गदर्शन-शा. महाविद्यालय आरंग में नवोदित विज्ञान छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित”
आरंग। बद्री प्रसाद लोधी शास. महाविद्यालय आरंग में आज B.Sc. प्रथम वर्ष (बायो एवं गणित समूह) के नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक-दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम (अभिमुखीकरण कार्यक्रम) का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को कॉलेज के माहौल, शैक्षणिक नियमों, प्रयोगशालाओं एवं विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था।कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ.अभया रा. जोगलेकर एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. साधना दीक्षित द्वारा नव प्रवेशित छात्रों का तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कर किया गया।प्राचार्य महोदया ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में नव-प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, उच्च अनुशासन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. साधना दीक्षित द्वारा विज्ञान संकाय के समस्त विषयों एवं प्रायोगिक कक्षाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सुश्री भावना पुरबिया द्वारा विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), क्रेडिट सिस्टम, परीक्षा योजना, उपस्थिति के नियमो की विस्तार से जानकारी दी गई। भुनेश्वर साहू एवं ज्ञानेश शुक्ला द्वारा छात्रों को जनेरिक इलेक्टिव विषय के चयन और बहुविषयी चुनाव के लाभ के संबंध में जानकारी दी गयी। आदित्य हरिहरनो द्वारा ग्रंथालय के नियमों एवं क्रीड़ा अधिकारी सुश्री रीना ध्रुव द्वारा महाविद्यालय में स्पोर्ट्स की सुविधाओं और विद्यार्थियों के जीवन मे खेल के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन आई क्यू ए सी प्रभारी डॉ इंदु सोनी एवं धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती विभा सतपथी द्वारा दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



