अब हमारे शांत कस्बों में भी पैर पसारने लगा महानगरों जैसा खौफनाक अपराध-डॉ शिवकुमार डहरिया
आरंग। रायपुर से सटे मंदिरहसौद इलाके से बीते 22 मई से लापता युवक भुवनेश्वर यादव की गुमशुदगी का पुलिस ने जो दिल दहला देने वाला खुलासा किया है, उसने छत्तीसगढ़ की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज पानी के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपियों ने युवक की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के इरादे से उसके शव को महासमुंद जिले में महानदी के किनारे रेत में दफना दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड के सामने आने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने विष्णुदेव साय सरकार की लचर कानून-व्यवस्था पर जोरदार तंज कसते हुए तीखा हमला बोला है।डॉ. डहरिया ने इस नृशंस हत्याकांड पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के राज में अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि उन्हें न तो पुलिस का डर रह गया है और न ही कानून का। जो खौफनाक वारदातें कभी बड़े-बड़े महानगरों में सुनने को मिलती थीं, वैसी दिल दहला देने वाली हत्या, अपहरण और साक्ष्य मिटाने की घटनाएं अब हमारे छोटे-छोटे कस्बों और शांत ग्रामीण इलाकों में आम हो चुकी हैं। मंदिरहसौद और आरंग जैसे क्षेत्र, जो हमेशा अपनी शांति और सौहार्द के लिए जाने जाते थे, वे आज अपराधियों के गढ़ में तब्दील होते जा रहे हैं। भाजपा पर सीधा निशाना साधते हुए डॉ. डहरिया ने कहा कि इस मामले में जो राजनीतिक सांठगांठ सामने आ रही है, वह बेहद शर्मनाक है। सरकार के खिलाफ माहौल बिगड़ता देख और खुद को बचाने के लिए अपराधियों का सत्ताधारी दल की शरण में जाना और भाजपा ज्वाइन करने वाले आरोपियों का नाम सामने आना यह साफ करता है कि अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है। जब रक्षक ही भक्षकों को अपनी पार्टी में पनाह देने लगेंगे, तो राज्य में कानून का इकबाल कैसे बुलंद होगा। पुलिस भले ही तकनीकी जांच और ‘जीरो कायमी’ कर अपनी औपचारिकता पूरी कर रही हो, लेकिन सच तो यह है कि इस सरकार की अपराध रोकने की इच्छाशक्ति ही पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है और गृह विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है।भुनेश्वर यादव के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। डॉ. शिवकुमार डहरिया ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए स्पष्ट शब्दों में मांग की है कि भाजपा ज्वाइन करने वाले मुख्य आरोपी समेत इस हत्याकांड में शामिल सभी चारों दोषियों को बिना किसी राजनीतिक दबाव के कठोरतम दंड दिया जाए। उन्होंने इस मामले की त्वरित सुनवाई के लिए केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने सरकार को चेताया कि वह अपनी नींद से जागे और छत्तीसगढ़ की शांति को भंग करने वाले इन अपराधियों पर ऐसी सख्त कार्रवाई करे कि दोबारा किसी मासूम की जान लेने की हिम्मत कोई न कर सके।
विनोद गुप्ता-आरंग



