आरंग विधान सभा में 2 कि.मी. आंतरिक मार्ग निर्माण हेतु ₹3.30 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति

आरंग। छत्तीसगढ़ शासन, लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिला रायपुर के नरदहा मार्ग (लंबाई 2.00 कि.मी.) निर्माण कार्य हेतु ₹3 करोड़ 30 लाख 78 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति आरंग विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग) के सतत प्रयासों, प्रभावी समन्वय और जनप्रतिबद्ध नेतृत्व का परिणाम है। यह 2 किलोमीटर आंतरिक मार्ग निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा, कृषि उत्पादों के परिवहन में सहूलियत एवं स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा। विशेष रूप से वर्षा ऋतु में होने वाली समस्याओं से स्थायी समाधान मिलेगा। यह मार्ग क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने के साथ-साथ ग्रामीण जीवन को सुगम बनाएगा। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा— हमारा लक्ष्य केवल स्वीकृतियाँ प्राप्त करना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर जनता को वास्तविक लाभ पहुँचाना है। आरंग को प्रदेश के अग्रणी विकासशील क्षेत्रों में स्थापित करना हमारी प्राथमिकता है। मंत्री ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा वित्तमंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
विनोद गुप्ता-आरंग


