जब अफसर बने शिक्षक-आरंग जनपद सीईओ ने ली 5वीं के बच्चों की क्लास, पहाड़े सुने और परखी प्रतिभा
आरंग।शासकीय पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला गुखेरा में उस समय एक सुखद और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) राजेंद्र पांडे औचक निरीक्षण पर पहुंचे। स्कूल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद सीईओ सीधे कक्षा 05वीं में पहुंचे और एक शिक्षक की भूमिका में आकर बच्चों की क्लास ली।कक्षा में पहुंचकर अधिकारी ने विद्यार्थियों से बेहद आत्मीय अंदाज में संवाद स्थापित किया। उन्होंने बच्चों के रचनात्मक लेखन कौशल की जांच की, पहाड़े सुने और उनसे भविष्य के सपनों व रुचियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के पूरे आत्मविश्वास के साथ कविताएं सुनाईं। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट वर्क को देखकर सीईओ काफी प्रभावित हुए और उनकी प्रतिभा व कलात्मकता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।निरीक्षण के दौरान सीईओ राजेंद्र पांडे ने शिक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि पढ़ाई में कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, उनके क्लास वर्क और गृहकार्य (होमवर्क) की दैनिक मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में समग्र सुधार आ सके। बच्चों के सीखने की ललक से प्रसन्न होकर उन्होंने शीघ्र ही पुनः स्कूल आकर मिलने की बात कही, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर सरपंच रेवती पुरुषोत्तम सोनवानी, पीओ अनिल चंद्राकर, ग्राम सचिव विश्वनाथ वर्मा सहित शिक्षक अरविंद वैष्णव, के. के. साहू, रामनारायण कन्नौजे, नोहर लाल यादव, घनश्याम साहू, विमला चौहान और फातिमा जांगड़े प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग



