बुजुर्ग रिटायर्ड पटवारी के घर 80 हजार रुपये की चोरी का पर्दाफाश-पड़ोसी ही निकला मास्टरमाइंड-साथी समेत गिरफ्तार
आरंग। थाना आरंग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग के घर हुई 80 हजार रुपये की चोरी के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले के अनुसार, प्रार्थी योगेश शर्मा ने 17 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 85 वर्षीय बड़े भाई सतानंद शर्मा (सेवानिवृत्त अमीन पटवारी) घर में अकेले रहते हैं, जहां 14 नवंबर की रात 11 बजे से 15 नवंबर की तड़के 2 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने छानी-खपरैल हटाकर भीतर प्रवेश किया और 80,000 रुपये नगद से भरी पेटी पार कर दी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 560/2026 धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध पेटी ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेह के आधार पर पीड़ित के पड़ोसी सूर्यकांत वर्मा (40 वर्ष, पिता जनकलाल वर्मा, निवासी भानसोज, थाना आरंग) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी शंकर निषाद (50 वर्ष, पिता स्व. कन्हैया निषाद, निवासी बाना, थाना खरोरा, जिला रायपुर) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सूर्यकांत वर्मा के कब्जे से चोरी की रकम में से 73,000 रुपये नगद व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 HV 8511, अनुमानित कीमत 40,000 रुपये) तथा शंकर निषाद की निशानदेही पर चोरी गई पेटी सहित कुल 1,13,000 रुपये का मशरूका बरामद कर दोनों आरोपियों को 19 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नरेश साहू, उपनिरीक्षक आर.पी. गौतम, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शिव कुमार ध्रुवे, आरक्षक सत्यप्रकाश साहू और राकेश मांडले की सराहनीय भूमिका रही।
विनोद गुप्ता-आरंग





