माता कौशल्या धाम चंदखुरी से भव्य सामाजिक सद्भाव कांवड़ यात्रा का हुआ आगाज-71 किमी की यात्रा तय कर आरंग पहुंचेगी
आरंग: माता कौशल्या की पावन धरा चंदखुरी से आज तीन दिवसीय ऐतिहासिक ‘सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। यह यात्रा कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और गोविंद साहू के संयुक्त संयोजकत्व में आयोजित की जा रही है। माँ कौशल्या मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हजारों कांवड़ियों का जत्था सामाजिक समरसता के संकल्प के साथ रवाना हुआ।यह कांवड़ यात्रा चंदखुरी से आरंग तक लगभग 71 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए विभिन्न गांवों से होकर गुजरेगी। इस जनअभियान का मुख्य उद्देश्य “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के माध्यम से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया है।शुभारंभ अवसर पर प्रमुख रूप से भाजपा जिला प्रभारी (रायपुर ग्रामीण) सुरेंद्र पाटनी, छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला तथा जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रमुख और श्रद्धालु मौजूद रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग




