अलौकिक नजारा-आरंग के बागेश्वर पारा में बद्रीनाथ धाम की थीम पर बना दुर्गा पंडाल बना आस्था और आकर्षण का केंद्र
आरंग।आरंग के बागेश्वर पारा में इस वर्ष शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर बनाये गए दुर्गा पूजा का पंडाल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। माँ चंडी दुर्गोत्सव समिति बागेश्वर पारा द्वारा इस बार पावन श्री बद्रीनाथ धाम मंदिर की थीम पर भव्य और आकर्षक दुर्गा स्टेज (पंडाल) का निर्माण किया गया है।उत्तराखंड के प्रसिद्ध धाम के इस दिव्य स्वरूप को देखने के लिए आरंग नगर सहित दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और बाबा बद्रीनाथ के दर्शन के साथ-साथ माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे है। पंडाल की सजावट बिल्कुल उत्तराखंड के मूल बद्रीनाथ मंदिर की तर्ज पर की गई है, जो यहाँ आने वाले हर भक्त का मन मोह रही है। माँ चंडी दुर्गोत्सव समिति बागेश्वर पारा द्वारा पिछले 65 वर्षों से लगातार माँ दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाती आ रही है।यहाँ पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव से मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित की जाती है और विधि-विधान के साथ जंवारा (कुँवर) भी बोया जाता है।
यह पंडाल न केवल कला और संस्कृति का अद्भुत संगम पेश कर रहा है, बल्कि आरंगवासियों को छत्तीसगढ़ में ही देवभूमि उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम के दर्शन का अहसास करा रहा है।
विनोद गुप्ता-आरंग



