आरंग में शारदीय नवरात्र पर सजा आध्यात्मिक दरबार-आज से होंगे पांच चैतन्य देवियों के अलौकिक दर्शन
आरंग।आरंग के गुड़ियारी पारा स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय में आज यानी बुधवार, 14 अक्टूबर से पांच चैतन्य देवियों की अलौकिक झांकी का भव्य शुभारंभ हो रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण है। शारदीय नवरात्र के इस पावन पर्व पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां उमा देवी और मां काली के साक्षात चैतन्य स्वरूप श्रद्धालुओं के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यह पांच दिवसीय दिव्य आयोजन 14 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक श्रद्धालु इन स्वरूपों के दर्शन कर सकेंगे।इस अवसर पर संस्थान की लता बहन जी ने अपने संदेश में कहा कि मां दुर्गा का आगमन जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश लेकर आता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि हमें केवल बाहरी पूजा तक सीमित न रहकर चैतन्य देवियों के स्वरूपों से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा अपने आचरण में सहनशीलता, पवित्रता, निर्भीकता और करुणा जैसे दिव्य गुणों को अपनाकर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली की मंगलकामना भी की है।ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से सभी क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार पहुंचकर पांचों देवियों के दर्शन करने तथा आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ उठाने की अपील की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।
विनोद गुप्ता-आरंग



