आरंग जनदर्शन में इतने आवेदन हुए प्राप्त-मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के निर्देश पर अधिकांश का मौके पर हुआ निराकरण-जल संकट के निराकरण पर विशेष प्राथमिकता के दिए निर्देश
आरंग। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब द्वारा आरंग स्थित नेता जी चौक, क्षेत्रीय कार्यालय में आज 13 अप्रेल को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें सीधे मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। जनदर्शन के दौरान कुल 179 आवेदन प्राप्त हुए, जो विभिन्न विभागों – जैसे पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत व्यवस्था, राजस्व प्रकरण, सामाजिक योजनाएं एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित थे।गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पेयजल संकट से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आमजन को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़े, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और त्वरित राहत प्रदान करें। मंत्री के निर्देशानुसार कार्य स्थल पर ही सक्रियता दिखाते हुए विभागीय अधिकारियों द्वारा अधिकांश आवेदनों का मौके पर त्वरित निराकरण किया गया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें प्राथमिकता में लेते हुए शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।जनदर्शन में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए तत्परता दिखाई। यह कार्यक्रम प्रशासनिक जवाबदेही और संवेदनशीलता का एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। मंत्री गुरु खुशवंत ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण कर आमजन को राहत प्रदान करें। जनदर्शन कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी मंच साबित हुआ, जिससे नागरिकों में विश्वास, संतोष और प्रशासन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण देखने को मिला।
सिटी बस की प्रमुखता से की गई मांग
क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आरंग युवा शक्ति परिवार के प्रमुख विनोद साहू ने रायपुर से आरंग सिटी बस प्रारंभ करने की मांग की। उक्त मांग पर कैबिनेट मंत्री ने रायपुर से आरंग के लिए सिटी प्रारंभ करवाने का पूर्ण रूप से आश्वासन दिया। जनदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मुरली साहू आरंग बीजेपी मंडल अध्यक्ष देवनाथ साहू, पार्षद गण, जनपद सदस्य गण सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी गण उपस्थित थे।
विनोद गुप्ता-आरंग




