कटहल की आड़ में 125.700 किलो गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद, 07 जून 2026। महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कटहल की आड़ में ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजा को जब्त किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 70.93 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिंघोड़ा क्षेत्र अंतर्गत रेहटीखोल अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक UP-70 LT 0860 में कटहल के नीचे गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन चालक ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष) निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तथा उसके साथ बैठे युवक ने अपना नाम लवकुश गौतम (22 वर्ष) निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर कटहल के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाकर प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62.85 लाख रुपये मूल्य का गांजा, 8 लाख रुपये मूल्य का टाटा माजदा पिकअप वाहन तथा 8 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 70 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना थाना सिंघोड़ा पुलिस द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- धीरेंद्र कुमार गौतम (42 वर्ष), निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)
- लवकुश गौतम (22 वर्ष), निवासी बारा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)
जब्त सामग्री
- गांजा – 125.700 किलोग्राम (कीमत 62,85,000 रुपये)
- टाटा माजदा पिकअप वाहन (कीमत 8,00,000 रुपये)
- मोबाइल फोन (कीमत 8,000 रुपये)
कुल जब्त संपत्ति: 70,93,000 रुपये
