महासमुंद में 150 वाहन चालकों का हुआ स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण, नेत्रदाता परिवार का किया गया सम्मान

महासमुंद। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के निर्देशन में जिला परिवहन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बस स्टैंड महासमुंद में वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 150 वाहन चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी, परिवहन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों की टीम ने वाहन चालकों का ब्लड प्रेशर, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण तथा नेत्र जांच की। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन के लिए नियमित स्वास्थ्य एवं आंखों की जांच कराने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नेत्रदाता स्वर्गीय छोटेलाल कोठारी के निवास पहुंचकर उनके परिवारजनों का अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया। अधिकारियों ने नेत्रदान को महादान बताते हुए समाज से अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित होने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य वाहन चालकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है।
