श्री विघ्नहर्ता परिवार ने अस्पताल में मरीजों को बांटे फल और ग्लूकोज-“10 दिवस–10 सेवा कार्य” का लिया संकल्प
आरंग। गणेशोत्सव को भक्ति के साथ-साथ समाज सेवा और संवेदना का माध्यम बनाते हुए आरंग के नेताजी चौक स्थित ‘श्री विघ्नहर्ता परिवार गणेशोत्सव समिति’ ने एक अनूठी मिसाल पेश की है। पर्व के पावन अवसर पर समिति के सदस्यों ने स्थानीय शासकीय अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को फल, बिस्किट एवं ग्लूकोज का वितरण किया।इस दौरान समिति के सदस्यों ने अस्पताल के हर वार्ड में जाकर मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की। मरीजों के साथ वक्त बिताते हुए सदस्यों ने उनके प्रति अपनत्व, सहृदयता और सहयोग का भाव साझा किया, जिससे मरीजों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
“10 दिवस–10 सेवा कार्य” का है अनूठा संकल्प
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष गणेशोत्सव के दौरान “10 दिवस–10 सेवा कार्य” करने का विशेष संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में उत्सव के दिनों में शिक्षा सहयोग, गौ सेवा एवं संरक्षण, और अस्पताल सेवा जैसे विभिन्न जनहितैषी एवं सामाजिक कार्य लगातार पूरी निष्ठा के साथ किए जा रहे हैं।
सेवा ही असली आराधना
समिति के सदस्यों का कहना है कि गणेशोत्सव केवल पारंपरिक पूजा-अर्चना तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह समाज के जरूरतमंदों की सेवा करने और समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाने का सबसे बड़ा अवसर है। श्री विघ्नहर्ता परिवार का यही मुख्य प्रयास है कि हर पर्व पर जनसेवा को प्राथमिकता दी जाए। इस मानवीय और सराहनीय पहल की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
विनोद गुप्ता-आरंग



