आरंग के इस विद्यालय की छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी में मारी बाजी-‘ग्लोबल एक्शन’ मॉडल को मिला द्वितीय स्थान
आरंग। 20 सितम्बर 2026। विश्व ओजोन दिवस (16 सितंबर 2026) के अवसर पर छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर, रायपुर में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में पीएमश्री अरुंधती देवी उत्कृष्ट विद्यालय आरंग की छात्राओं ने अपनी अप्रतिम प्रतिभा का परिचय दिया है। छात्राओं ने “Global action for a cooler planet” विषय पर एक आकर्षक वर्किंग मॉडल प्रस्तुत कर इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया और नगर व विद्यालय का नाम रोशन किया।रायपुर जिले के 25 विद्यालयों से आए 140 से अधिक विद्यार्थियों और युवा अन्वेषकों के बीच, विद्यालय की कक्षा 9वीं की मेधावी छात्राओं सुहाना चंद्राकर और दिशा चंद्राकर के मॉडल को द्वितीय पुरस्कार से नवाजा गया। इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में विद्यालय से इन दोनों छात्राओं सहित कुल 8 विद्यार्थियों ने अपने मॉडल प्रस्तुत किए थे, जिनमें एंजल वर्मा, ट्विंकल साहू, आस्था सोनी, दीपशिखा चंद्राकर, अंजलि गिलहरे और अनुष्का गोरे शामिल रहीं।
मार्गदर्शन और सफलता पर हर्ष
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता के पीछे मेंटर व व्याख्याता तरन्नुम अख्तर और व्याख्याता मनोज शर्मा का विशेष मार्गदर्शन रहा। उनकी इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार में हर्षोल्लास का माहौल है।शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष खिलेश धुरंधर, समिति सदस्य अनुपनाथ योगी, प्राचार्य श्रीमती संध्या रानी बारीक, आकाश विश्वास, लोकेश्वर साहू एवं संस्था के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सभी विजेता और सहभागी छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विनोद गुप्ता-आरंग



