रायपुर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई
मुंबई में अपहरण के बाद हत्या कर फरार आरोपी को रायपुर रेलवे स्टेशन से दबोचा

रायपुर। शासकीय रेल पुलिस रायपुर (जीआरपी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई में अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रायपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंबई से हावड़ा मेल एक्सप्रेस के जरिए पश्चिम बंगाल भागने की फिराक में था, जिसे जीआरपी रायपुर की टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के मुंबई स्थित शिवाजी नगर थाना में अपराध क्रमांक 376/2026 दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी आदेश प्रताप कर्ण पर अपनी साथी के साथ मिलकर एक व्यक्ति के अपहरण के बाद हत्या करने और शव के कई टुकड़े कर अलग-अलग जगह फेंकने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ट्रेन क्रमांक 12809 मुंबई-हावड़ा मेल एक्सप्रेस से फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने रेल पुलिस रायपुर को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर के निर्देशन में जीआरपी थाना रायपुर की टीम सक्रिय हुई और रेलवे स्टेशन रायपुर के प्लेटफॉर्म नंबर 06 पर घेराबंदी कर सघन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान ट्रेन 12809 मुंबई-हावड़ा मेल एक्सप्रेस के पहुंचते ही संदिग्ध युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आदेश प्रताप कर्ण बताया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को मुंबई पुलिस थाना शिवाजी नगर के सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में भी चर्चा का माहौल रहा। जीआरपी रायपुर की तत्परता से एक गंभीर हत्या मामले के आरोपी को फरार होने से पहले ही पकड़ लिया गया।

