कांटे की टक्कर में सृजन सोनकर स्कूल को 03 विकेट से हराकर पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल पंहुचा फाइनल में-तन्मय बने ‘मैन ऑफ द मैच’
आरंग। आरंग युवा एवं खेल संगठन द्वारा संचालित आरंग क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित ब्लॉक स्तरीय इंटर स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-1 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग और सृजन सोनकर स्कूल आरंग के बीच खेले गए इस कड़े मुकाबले में अरुंधति देवी स्कूल की टीम ने 3 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटा लिया।मैच में पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सृजन सोनकर स्कूल की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और टीम लगातार अंतराल में विकेट खोकर दबाव में आ गई। हालांकि मध्यक्रम में मोर्चा संभालते हुए तामेश ने 59 रनों की जुझारू अर्धशतकीय पारी खेली और सौरभ कहार के 14 रनों के सहयोग से टीम का स्कोर 18.1 ओवरों में 131 रन तक पहुंचाया, जहां पूरी टीम सिमट गई। अरुंधति देवी स्कूल की ओर से कसी हुई गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए गीतेश, तन्मय और प्रिंस ने दो-दो विकेट झटके, वहीं तुषार ने एक सफलता हासिल की।जीत के लिए मिले 132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल की टीम ने सधी हुई शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में सृजन सोनकर स्कूल के गेंदबाजों के पलटवार से टीम लड़खड़ा गई। इसके बावजूद ऋषभ के 18 रन, ईशांत डहरिया के 14 रन तथा लियांश और ऋषभ के 10-10 रनों के संघर्षपूर्ण योगदान से टीम ने अंतिम क्षणों में धैर्य बनाए रखा और 3 विकेट से यह मैच जीत लिया। सृजन सोनकर स्कूल की तरफ से पुष्पेंद्र धीवर, भावेश सोनकर और सौरभ ने दो-दो विकेट तथा तौसीफ ने एक विकेट लेकर मैच को रोमांचक मोड़ पर ला दिया था।गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए तन्मय को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश करने वाली दूसरी टीम बन गई है। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला स्वामी आत्मानंद स्कूल मंदिरहसौद और पीएम श्री अरुंधति देवी स्कूल आरंग के मध्य खेला जाएगा, जबकि तीसरे स्थान के लिए सृजन सोनकर स्कूल आरंग की भिड़ंत द आरंभ स्कूल नरदहा से होगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



