गुरु पूर्णिमा पर सत्य सनातन संगठन ने किया वृक्षारोपण-दिया गौसेवा का संदेश
आरंग। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम उमरिया में सत्य सनातन संगठन द्वारा सेवा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। संगठन के सदस्यों ने दिन की शुरुआत गांव के वरिष्ठजनों, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का आशीर्वाद लेकर की और गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।इसके बाद संगठन के सदस्यों ने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान चलाया। सार्वजनिक एवं आवागमन वाले स्थानों पर छायादार पौधे लगाए गए, ताकि भविष्य में राहगीरों और ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। सदस्यों ने पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।इसी दौरान संगठन को एक गाय के निधन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सदस्य मौके पर पहुंचे और पूरे सम्मान के साथ गौवंश का अंतिम संस्कार कर गौसेवा एवं जीवों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया।संगठन के अध्यक्ष तेजराम निषाद ने कहा कि गुरुजनों से मिली शिक्षा का मूल संदेश सभी प्राणियों के प्रति दया, सेवा और सम्मान का है। उन्होंने कहा कि संगठन के सदस्य इस विचारधारा को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए अंतिम सांस तक सेवा कार्य करते रहेंगे।कार्यक्रम में संगठन के उपाध्यक्ष निकश यादव, मीडिया प्रभारी एवं कोषाध्यक्ष यशवंत भारती, संचालक चंदू निर्मलकर, सागर, करन, चंदन, लक्की, बाबा, हेमराज, शुभम चंद्राकर, लोकेश, अमन, प्रवीण सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।ग्रामीणों ने संगठन के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा जैसे पावन पर्व पर वृक्षारोपण और गौसेवा जैसे कार्य समाज को सकारात्मक संदेश देने के साथ प्रकृति एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण की प्रेरणा भी देते हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग



